जींद में AAP की महापंचायत में cm केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर किया प्रहार कहा किसानों के लिए मेरी भी जान चली जाए तो कोई परवाह नहीं
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को हरियाणा के जींद में आयोजित महापंचायत में बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा, 'किसान आंदोलन को सफल बनाने के लिए जो भी कुर्बानी देनी पड़ेगी, मैं वो हर कुर्बानी देने के लिए तैयार हूं। इस आंदोलन में 300 किसानों ने शहादत दी, इस आंदोलन के लिए मेरी भी जान चली जाए तो कोई परवाह नहीं'।
रविवार को आम आदमी पार्टी हरियाणा की तरफ से जींद के सफीदों रोड स्थित हुडा ग्राउंड में किसान महापंचायत का आयोजन किया गया। इसमें दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को 12 बजे पहुंचना था, मगर वह करीब ढाई बजे पहुंचे। केजरीवाल ने कहा कि सभा में आने वाले लोग भी जाम में फंसे हुए हैं। जाम में फंसे लोगों से माफी चाहता हूं। कृषि कानूनों से पूरे देश का किसान दुखी है। मैं पंजाब गया और किसानों का धन्यवाद किया। आज हरियाणा में धन्यवाद करने आया हूं। सारा देश आपके साथ है।
इसके बाद केजरीवाल केंद्र सरकार और हरियाणा की मनोहर सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि जब से तीनों कृषि कानून बनाए गए हैं, तब से किसान परेशान हैं। हरियाणा सरकार ने किसानों के ऊपर आंसू गैस के गोले छोड़े, लाठीचार्ज किया।, लेकिन हमारे किसानों की हिम्मत देखिए कि इन सबको पार करके दिल्ली पहुंच ही गए।
अरविंद ने कहा कि कई राज्यों से किसान दिल्ली बॉर्डर पर जारी आंदोलन में हिस्सा नहीं ले पा रहे हैं, लेकिन वह घर में बैठकर दुआ कर रहे हैं कि यह आंदोलन सफल हो। जो किसान आंदोलन के साथ है, वो देशभक्त है और जो किसान आंदोलन के खिलाफ है, वो देश का गद्दार है। मेरी सरकार किसानों को पूरा समर्थन दे रही है। आंदोलन को सफल बनाने के लिए वह किसानों की पूरी मदद कर रहे हैं। जिस हरियाणा में भाजपा और जजपा के नेताओं को लोग गांवों में प्रवेश नहीं दे रहे, वहां आज आप के नेताओं की इज्जत हो रही है। मुझे इस बात की खुशी है।
अरविंद केजरीवाल ने रोहतक में किसानों पर हुए लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि जिस देश में किसानों का सम्मान नहीं है, वह देश कभी प्रगति नहीं कर सकता। सरकार को किसानों का साथ देना चाहिए या उन पर लाठीचार्ज करना चाहिए। इसको लेकर किसानों ने हरियाणा में चक्का जाम कर रखा है, हम किसानों के इस संघर्ष का समर्थन करते हैं।
हरियाणा की महत्वपूर्ण ख़बरो, बाजार भाव व नोकरियों की जानकारी लिए हमारे व्हाट्सएप्प, टेलीग्राम, इंस्टाग्राम व फेसबुक पेज के साथ अवश्य जुड़े।